मेरठ. मेरठ और आसपास के जिलों में बुधवार की शाम को आफत बनकर बरसी बारिश के बाद गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी मौसम के साफ रहने के संकेत हैं। शुक्रवार की सुबह साफ आसमान पर धूप खिली। शुक्रवार से कई क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। बता दें कि अप्रैल में सूर्य देव के तेवर तल्ख रहे। मेरठ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्‍यूनतम तापमान 17.2 डिग्री रहा जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्‍यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है।

कई दिनों बाद 40 के नीचे आया पारा
बुधवार रात मौसम बिगड़ने के बाद गुरुवार को आसमान पूरी तरह से साफ रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार से पहले कई दिनों तक तापमान 40 के पार पहुंच रहा था। गुरुवार को तापमान गिरने से काफी राहत मिली। दो दिन पूर्व बुधवार रात में मौसम ने अचानक करवट बदली। आंधी के साथ आई बारिश ने मुसीबत जरूर ला खड़ी कर ली। लेकिन गर्मी से काफी राहत मिल गई। गुरुवार को कई दिनों बाद तापमान 40 के नीचे पहुंचा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार को भी मौसम साफ रहेगा। तापमान में वृद्धि होगी। गुरुवार का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम व न्यूनतम तापमान भी छह डिग्री कम रहा।

प्रचंड धूप से सामना
माह में 20 दिन तो हीट वेव का प्रकोप रहा। आम जनमानस हलकान होता नजर आया। एक बार फिर प्रचंड धूप से सामना होगा और ऐसे अपने स्‍वास्‍थ्‍य का ध्‍यान रखना भी जरूरी है। इस बीच बारिश से गेहूं की थ्रेसिंग को ब्रेक लग गया। बारिश कई फसलों के लिए मुफीद साबित होगी। शुक्रवार को मेरठ के आसपास के जिलों में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।

फिर प्रचंड रूप लेगी गर्मी
मौसम विज्ञानी की माने तो सात मई से एक बार फिर गर्मी प्रचंड रूप ले सकती है अर्थात तापमान 45 डिग्री के बिंदु को छूने की आशंका है। कृषि विवि के मौसम केन्द्र के प्रभारी डा यूपी शाही के अनुसार अप्रैल में 15 दिनों तक तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा, जिसमें 28 अप्रैल को सार्वकालिक अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री आंका गया था। यह स्थिति इसलिए गंभीर है कि क्योकि विगत वर्षो में अप्रैल में एक-दो दिन ही तापमान 40 डिग्री आंका जाता था।

मौसम विभाग ने जारी किया था रेड अलर्ट
वहीं मेरठ में बुधवार की दोपहर में आग बरसा रहे सूरज को शाम चार बजे बादलों ने आगोश में ले लिया और शाम होने से पहले ही अंधेरा छा गया। माल, बाजार, सार्वजनिक स्थल और पार्क ईद की खुशियां मना रहे लोगों से पटे हुए थे। अंधड़-बारिश से कुछ ही देर में बाजारों में सन्नाटा छा गया। रात 11 बजे तक गुलजार रहने वाले लालकुर्ती, पैंठ, सदर और आबू लेन बाजार सात बजे ही बंद हो गए। बुधवार दोपहर मौसम विभाग ने मेरठ, शामली, सहारनपुर, बागपत समेत सात जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था।

आज साफ रहेगा मौसम
तात्कालिक पूर्वानुमान में डस्ट स्टार्म (धूल भरी आंधी) की आशंका जतायी थी। 40 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड़ (डस्ट स्टार्म ) चला। इसमें हवाएं घेरा बनाते हुए तेजी से ऊपर उठती हैं। मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के अचानक तीव्रता पकडने से आंधी और बारिश हुई है। गुरुवार को मौसम साफ रहेगा।

सवा दो माह बाद बुझी धरती की प्यास
जिले में 26 फरवरी को 7.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद सवा दो माह बाद यानी बुधवार को पहली प्री मानसून बारिश देखने को मिली। अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। जो शाम साढ़े चार बजे 26 डिग्री पर पहुंच गया। शाम सात बजे तक तीन मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।

कल यानी शुक्रवार से फिर बढ़ेगा तापमान
लू और चिलचिलाती गर्मी से राहत का दौर खत्म होने वाला है। गुरुवार को तो मौसम सुहाना रहेगा लेकिन शुक्रवार से फिर तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश के चंबा व कांगड़ा जिलों में आज आंधी चलने व बिजली गिरने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में ऊंची चोटियों पर हिमपात व अन्य क्षेत्रों में वर्षा की संभावना है। प्रदेश में पिछले तीन दिन से कई स्थानों पर बारिश व ओलावृष्टि के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है लेकिन कृषि व बागवानी क्षेत्र को नुकसान झेलना पड़ा है।