मेरठ के गंगानगर में सोमवार दोहपर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना कीजांच पड़ताल की। वहीं हत्या को अंजाम देकर आरोपी प्रेमी शव के साथ घर में ही रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जांच पड़ाल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार इंचौली थाना क्षेत्र के पाबला गांव निवासी सीमा पुत्री बुद्धप्रकाश इंचौली क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। ब्यूटी पार्लर के ठीक सामने नगली आजमाबाद निवासी योगेंद्र पुत्र किशनलाल की टेलर की दुकान है। दोनों का पिछले कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
बताया गया कि रविवार रात योगेंद्र उसके पास आया हुआ था। रात 12:00 बजे के करीब दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्साए योगेंद्र ने सीमा की डाटा केबल से गला दबाकर हत्या कर दी। रात भर वह शव के साथ घर में ही रहा।
सुबह मकान मालिक को घटना की जानकारी लगी तो मकान मालिक ने गंगानगर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।
पुलिस जांच पड़ताल में सामने आया कि आरोपी योगेंद्र की 14 वर्ष पहले शादी हो चुकी है। उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ गांव में रहती है। बताया कि मृतका सीमा भी अपने घर से अलग गंगानगर के ईशापुरम कॉलोनी में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया जांच में अवैध संबधों के शक में हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।