मेरठ: 30 मई को केंद्र में मोदी सरकार के 8 साल पूरा होने की खुशी पर जिलों में भाजपा भव्य आयोजन करेगी। दरअसल, इन आयोजनों के बहाने भाजपा की मंशा 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी की है। प्रदेश स्तर पर शीर्ष नेताओं ने जिलों में मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने की खुशी में आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन भी राष्ट्रीय स्तर से तय हुए हैं, जिन्हें जिलों में विभिन्न मोर्चों द्वारा पूरा करना है। आयोजनों के पीछे लक्ष्य 2024 चुनाव से पहले हर घर तक भाजपा पदाधिकारियों की दस्तक देना है।

8 साल के जश्न में हर घर पहुंचना है लक्ष्य
मेरठ में बुधवार को उत्तर प्रदेश में भाजपा महामंत्री सुनील बंसल पहुंचे। 10 मई को सीएम योगी के मेरठ दौरे के दूसरे दिन ही सुनील बंसल का मेरठ आने का प्रमुख कारण केंद्र सरकार के 8 सालों के पूरा होने का जश्न और उससे जुड़े अभियानों को पूरा करना है। सुनील बंसल ने मेरठ में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ बैठक में 30 मई से मोदी सरकार के 8 साल के आयोजनों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें शत-प्रतिशत पूरा करने का टारगेट भी दिया है। पार्टी ने इसके लिए बूथ स्तर से अभियान बनाए हैं, ताकि भाजपा कार्यकर्ता हर घर, हर दर तक पहुंचे।

बीजेपी सरकार के कामों का प्रचार और फीडबैक
मोदी सरकार के 8 सालों के जश्न में पार्टी ने मोर्चों को अलग-अलग अभियान सौंपे हैं। हर अभियान सीधे जनता से जुड़ा है। मुख्य लक्ष्य जनता को प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं और कार्यों की जानकारी देना है। तमाम सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करना। जनता से इन योजनाओं का फीडबैक लेना है, जो खुद बूथ कार्यकर्ताओं को करना है। कार्यकर्ताओं को किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं, खिलाड़ियों, प्रधानों, बुजुर्गों सभी के पास जाकर योजना और कार्यों का प्रचार प्रसार करना है।

इन अभियानों को पूरा करने का लक्ष्य
1 जून से 14 जून तक जनप्रतिनिधियों को 75 घंटे के लिए जनसंपर्क अभियान चलाना है। हर दिन समाज के अलग-अलग वर्ग से मिलना है।
6 से 8 जून तक अल्पसंख्य मोर्चा के पदाधिकारी अल्पसंख्यकों से संवाद कर, उनके लिए चल रही योजनाओं को बताएगी।
7 से 13 जून तक भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विकास तीरथ के नाम से जिलों में बाइक रैली करेंगे। इन बाइक रैलियों के जरिए मोदी सरकार के 8 सालों के कामों पर प्रकाशित पुस्तिका का वितरण करना है।

भाजयुमो हर जिले में प्रभात फेरी निकालेगी।
हर योजना के लाभार्थियों के घर जाकर योजना से जुड़ा फीडबैक लेना है।
बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को अपने बूथ से जुड़े हर व्यक्ति से मिलकर केंद्र सरकार के 8 सालों के कामों की जानकारी देनी होगी।
मोदी सरकार के 8 साल के कामकाज पर एक पुस्तक ए रिपोर्ट टू द नेशन का वितरण जनता को होगा।
पार्टी सदस्यता अभियान में ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को जोड़ना है।