मेरठ। मेरठ नकली सामान बनाने और बेचने की मंडी बनता जा रहा है। शुक्रवार को चंडीगढ़ से आई टीम ने पुलिस के साथ मिलकर आबूलेन बाजार से नामचीन कंपनियों के नकली पंखे बेचने के आरोप में दो व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों व्यापारियों की दुकानों से तीन लाख रुपये से ज्यादा कीमत के 75 पंखे भी जब्त किए गए हैं।

शुक्रवार दोपहर चंडीगढ़ से इंडियन फैन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी और एक कंपनी के फील्ड आफिसर मनीष जिंदल और फील्ड मैनेजर मोहित शर्मा ने बताया कि काफी समय से मेरठ में उषा, बजाज और क्रंप्टन कंपनी के नकली पंखे बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी।

सदर बाजार थाना पुलिस को साथ लेकर टीम ने आबूलेन बाजार में एसएस एंटरप्राइजेज पर छापा मारा, जहां से 60 पंखे बरामद हुए। दुकान संचालक तपन गुलाटी निवासी थापरनगर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद राजा इलेक्ट्रानिक शोरूम पर पहुंचे, जहां से 15 पंखे मिले।