लखनऊ. उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। आसमान से बरस रही आग के साथ उमस ने जीना दूभर कर दिया है। वहीं बिजली कटौती ने गर्मी में आम आदमी को परेशान करने की रही सही कसर भी पूरी कर दी है। आसमान में बादल छाने से कुछ देर तक हल्की राहत मिली पर गर्मी का सितम अब भी जारी है। भीषण तपिश के बीच लोग दिन में घरों में रहने पर मजबूर है।
हालांकि प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने की वजह से पारा एक दो डिग्री तक गिरा है पर इससे उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिन में प्रदेश मे दोपहर में लू भी काफी प्रभावी हो जाएगी। वहीं जून के पहले सप्ताह में मानसून आने की उम्मीद जताई जा रही है।
अगले दो से तीन दिन के दौरान बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, अंडमान सागर में दक्षिण-पश्चिम मानसून के बढ़ने के आसार हैं। तमिलनाडु तट के पास एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र भी बना हुआ है। मई के अंत तक यह मानसून उत्तरी क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है और इसके बाद जून के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश में पहुंच सकता है। अगले कुछ दिनों में क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आंधी तथा बारिश आने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है
मई का आधा महीना बीतने के बाद प्रदेश में प्रचंड गर्मी का प्रकोप काफी बढ़ गया है। पारा कुछ कम हुआ है पर गर्मी का प्रकोप जारी है। नोएडा में आज 12 से शाम 6 बजे तक तापमान के 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
लखनऊ में बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान के 28 डिग्र सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी में शनिवार से मौसम में बदलाव की उम्मीद है। वहीं आगरा में मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार और गुरुवार को हीट वेव चलने काे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में इन दिनों सो सुबह नौ बजे से तीखी गर्मी का अहसास होने लगता है। इसके बाद पारा चढ़ने से प्रचंड गर्मी हो जाती है। इसी दौरान कभी लू चलने से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। अभी मई में 13 दिन बाकी है और लोग बेहाल हो गए हैं। माना जा रहा है कि मई के तेवर देखकर तो जून के हालात का अभी से अंदाजा लगाया जा रहा है। जून में तो उमस भरी गर्मी में लोगों का बेहाल होना तय है।
लखनऊ में बनने जा रहा पहला डाग पार्क।
पश्चिम यूपी के मेरठ, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया और फर्रुखाबाद जिले में आसमान आग बरसा रहा है। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के महोबा, झांसी, बांदा, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर और चित्रकूट में इतनी गर्मी है कि धूप में लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है।