मेरठ. मेरठ जनपद में सरूरपुर थाने से पुलिस को चकमा देकर अरविंद नाम का युवक भाग गया। बताया गया कि अरविंद ने आकाश की हत्या करना कबूल लिया था। पुलिस ने सरूरपुर और आसपास के गांव के जंगल में कांबिंग की, लेकिन अरविंद का सुराग नहीं लगा। पुलिस का दावा है कि आकाश की हत्या अवैध संबंधों के विवाद में हुई थी।

सरूरपुर करनावल संपर्क मार्ग पर नौ मई 2022 को सरूरपुर निवासी आकाश पुत्र सुरेंद्र का शव पेड़ पर लटका मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और थाने में जाहिद, शेरू समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच की। उसके बाद आकाश के पड़ोस की महिला, गहलौता बिनौली निवासी अरविंद व सरधना के दौलतपुर गांव निवासी आकाश को बुधवार रात पकड़ लिया था।

पुलिस के मुताबिक अरविंद ने पूछताछ में आकाश की हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि महिला से उसके संबंध है और आकाश भी उससे नजदीकियां बढ़ा रहा था। इसलिए मैंने उसे मार डाला, जबकि महिला ने अरविंद से संबंध होने तो बताए, लेकिन आकाश से कोई बात न होना बताया।

आकाश की हत्या के मामले में अरविंद को पूछताछ के लिए सरूरपुर थाने लाया गया था। उसने हत्या करना बताया था, लेकिन साक्ष्य नहीं मिले। आकाश के परिजनों ने अरविंद को मुकदमे में नामजद नहीं कराया था। वह थाने से भाग गया है। पुलिस जल्द उसे पकड़कर पूछताछ करेगी। आरोपी होगा तो जेल जाएगा।