मेरठ। जनपद के सरूरपुर थाने से भागे हत्या के आरोपी का पुलिस 24 घंटे बाद भी पता नहीं लगा पाई है। अवैध संबधों के चलते हुई इस हत्या के बारे में जानकर हर कोई हैरान है।

गुरुवार को सरूरपुर थाने से पुलिस को चकमा देकर अरविंद नाम का युवक भाग गया था। बताया जा रहा है कि अरविंद ने आकाश नामक युवक की हत्या करने का जुर्म स्वीकार किया था। पुलिस ने अरविंद की तलाश में सरूरपुर और आसपास के गांवों के जंगल में भी कांबिंग की, लेकिन अरविंद का सुराग नहीं लगा। पुलिस का दावा है कि आकाश की हत्या अवैध संबंधों के विवाद में हुई थी।

उल्लेखनीय है कि सरूरपुर करनावल संपर्क मार्ग पर 9 मई 2022 को सरूरपुर निवासी आकाश पुत्र सुरेंद्र का शव पेड़ पर लटका मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और थाने में जाहिद, शेरू समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच की। उसके बाद आकाश के पड़ोस की महिला, गहलौता बिनौली निवासी अरविंद व सरधना के दौलतपुर गांव निवासी आकाश को गिरफ्तार किया था।

आकाश की हत्या के पीछे काफी सनसनीखेज वजह सामने आई थी। पुलिस के अनुसार अरविंद ने पूछताछ में आकाश की हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि महिला से उसके संबंध है और आकाश भी उससे नजदीकियां बढ़ा रहा था। इसलिए मैंने उसे मार डाला, जबकि महिला ने अरविंद से संबंध होने तो बताए, लेकिन आकाश से कोई संपर्क न होना बताया।

पुलिस ने अरविंद से रातभर पूछताछ की। गुरुवार सुबह आठ बजे अरविंद पुलिस को चकमा देकर सरूरपुर थाने से भाग गया। करीब 30 मिनट बाद सरूरपुर पुलिस को उसके भागने की जानकारी हुई। अरविंद के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। अरविंद के भागने की जानकारी पर अधिकारियों ने थाना पुलिस को फटकार लगाई।