नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों में सोमवार सुबह मौसम बदल गया। दिल्ली में तेज हवा और आंधी के साथ बारिश होने से लोगों ने भीषण गर्मी से राहत की सांस ली है। तापमान में 11 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार दिनभर छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। साथ ही मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। पेड़ों के नीचे शरण न लें। वहीं मौसम बिगड़ने का असर सड़क तथा हवाई यातायात पर भी पड़ा है। करीब 40 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा है। सुबह ऑफिस जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह यातायात जाम रहा। नीचे देखिए बारिश के वीडियो और जानिए अपने देश के मौसम का हाल।
पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास पहुंच गया है और इसका प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर राजस्थान पर बना हुआ है। इस चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए मेघालय तक फैली हुई है। इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं भी गंगा के मैदानी इलाकों में नमी बढ़ा रही हैं।
इन मौसम मापदंडों के संयुक्त प्रभाव के कारण, हम उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों में कुछ भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश और शेष हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद करते हैं। 24 मई तक बिहार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अनुमान है कि उत्तर और पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अलग-अलग ओलावृष्टि गतिविधियों के साथ धूल भरी आंधी, गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।