मेरठ। जिला अस्पताल के वार्ड ब्वॉय पर महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाकर डायल-112 पर सूचना दे दी। पुलिसकर्मियों को देखकर वार्ड ब्वॉय फरार हो गया। अस्पताल स्टाफ ने किसी तरह महिला को समझाकर शांत किया। महिला ने अभी तहरीर नहीं दी है।

यह है मामला
टीपीनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला का पति आग से झुलस गया था। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार सुबह महिला दवाई लेने काउंटर पर गई थी। आरोप है कि वार्ड ब्वॉय ने महिला का हाथ पकड़ लिया। शोर सुनकर महिला के स्वजन के साथ अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों के तीमारदार आ गए। उन्होंने वार्ड ब्वॉय की पिटाई करने का प्रयास किया। लेकिन अस्पताल स्टाफ ने उसे बचा लिया।

थाना पुलिस के साथ डायल-112 की टीम अस्पताल पहुंच गई। जिन्हें देखकर आरोपित मौके से फरार हो गया। देहली गेट थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि महिला ने मौखिक शिकायत की थी। अभी तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

नौचंदी मेले में युवती से छेड़छाड़, मनचलों को पीट पुलिस को सौंपा
नौचंदी मेले में परिवार के साथ धूमने आई युवती से मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। युवती के विरोध करने पर भीड़ ने दोनों मनचलों की पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। दोनों आरोपित तारापुरी लिसाड़ीगेट के रहने वाले है। गुरुवार को नौचंदी मेले में युवती अपने परिवार के साथ घूमने आई थी। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मनचले युवती का काफी देर से पीछा कर रहे थे। कई बार युवती का हाथ पकड़ने का भी प्रयास किया है। युवती के विरोध करने पर आरोपितों को भीड़ ने घेर लिया। उसके बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी है। भीड़ के कब्जे से दोनों को छुड़ाकर पुलिस चौकी पर ले आई। दोनों तारापुरी के रहने वाले है। इंस्पेक्टर का कहना है कि युवती की तरफ से दोनों के खिलाफ तहरीर देने से इन्कार कर दिया। दोनों का शांतिभंग में चालान किया जा रहा है।