पटना। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होने हैं। सात जुलाई को पांचों सीटें रिक्त हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को राज्यसभा के लिए अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। सतीश चंद्र दुबे पर दूसरी बार बीजेपी ने विश्वास जताया है। जबकि शंभू शरण पटेल को पहली बार टिकट मिला है। शंभू बिहार के शेखपुरा जिले के रहने वाले हैं।

अभी वह भाजपा के प्रदेश मंत्री हैं। युवा शंभू को पार्टी ने बड़ा भरोसा जताया है। मौजूदा राज्यसभा सदस्य गोपाल नारायण सिंह का टिकट पार्टी ने काट दिया है। इधर, जदयू ने अभी अपने पत्ते खोल दिए हैं। आरसीपी का टिकट काटते हुए खीरू महतो को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल ने अपने दोनों कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है। राजद की ओर से लालू की बेटी व मौजूदा सांसद मीसा भारती और पूर्व विधायक डा. फैयाज अहमद को टिकट दिया गया है।

बता दें कि राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई से 12 नामों की सूची मांगी थी। चुनाव समिति और कोर ग्रुप ने वर्तमान राज्यसभा सदस्य गोपाल नारायण सिंह और सतीश चंद्र दुबे के साथ ही अवधेश नारायण सिंह, मनोज शर्मा, प्रेम रंजन पटेल, सुरेश रूंगटा, मिथलेश तिवारी, मृत्युजंय झा, लाजवंती झा, महाचंद्र प्रसाद सिंह, वीरचंद्र पासवान और राजेश वर्मा का नाम भेजा था।

कुर्मी समाज से आने वाले शंभू शरण पटेल पर भाजपा ने बड़ा भरोसा जताया है। शंभू ने इसके पहले किसी भी बड़े चुनाव में हाथ नहीं आजमाया है। वहीं सतीश चंद्र दुबे दूसरी बार भाजपा से राज्यसभा के प्रत्याशी बने हैं। सतीश अभी मौजूदा राज्यसभा सदस्य हैं। बिहार से भाजपा के दो सांसद हैं। गोपाल नारायण सिंह और सतीश चंद्र दुबे राज्यसभा सदस्य हैं।