लखनऊ. उत्तर प्रदेश के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यूपी में मानसून 26 जून तक पहुंच सकता है। इस बार केरल में मानसून सामान्य से तीन दिन पहले आया है। तीन से चार दिन में आठ राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और नगालैंड में पहुंच सकता है। समय से पहले मानसून आने पर किसानों को फायदा होगा। वहीं मौसम विभाग ने आठ जिलों में दो दिनों तक भीषण लू का यलो अलर्ट भी जारी किया है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि तेज गर्मी की वजह से इस वर्ष गेहूं, मूंग आदि फसलों पर विपरीत असर पड़ा है। मानसून समय से पहले पहुंचना कृषि अर्थव्यवस्था के लिए राहत की बात है।

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार देश में मानसून व बारिश बेहतर होने के आसार हैं। अच्छी बारिश के पूर्वानुमान से कृषि व खाद्य कमोडिटी बाजार पर दबाव कम होगा। कृषि मंत्रालय ने इस वर्ष 314.51 मिलियन टन अनाज के उत्पादन का पूर्वानुमान जारी किया है। वर्ष की शुरुआत में भारत मौसम विभाग ने देश में सामान्य मानसूनी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की थी। इससे उच्च कृषि उत्पादन और आर्थिक विकास की संभावना है। हालांकि जून में मानसून की बारिश सामान्य से कम होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट : दिनभर उमस रही। लू के थपेड़ों ने भी परेशान किया। राजधानी में अगले दो दिनों में तापमान दो डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आठ जिलों में दो दिनों तक भीषण लू का यलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगरा, जालौन, झांसी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में तीन और चार जून को भीषण लू चलने के आसार हैं।

इन जिलों में तापमान चार डिग्री तक बढ़ सकता है। राजधानी का अधिकतम तापमान गुरुवार को 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान झांसी में सर्वाधिक 45.7 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान मेरठ में 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिनों तक राजधानी में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।