मेरठ। हापुड़ जनपद के धौलाना स्थित फैक्ट्री में हुए अग्निकांड में झुलसे लोगों का हाल जानने के लिए सोमवार दोपहर उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां अध्यक्ष ने आग में झुलसे लोगों का हाल जानने के साथ उनसे संवाद भी किया, साथ ही किए जा रहे उपचार के संबंध में पूछताछ की।

आर्थिक सहायता देने की घोषणा
अध्यक्ष ने श्रम कल्याण परिषद की ओर से अग्निकांड में मारे गए लोगों के स्वजन को एक-एक लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज पहुंचे उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला यहां भर्ती जून से मजदूरों से बातचीत की। अध्यक्ष ने मेडिकल में किए जा रहे उपचार के साथ चिकित्सकों से झुलसे लोगों की स्थिति की जानकारी भी ली। साथ ही बेहतर उपचार के लिए निर्देश भी दिए। अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद अग्निकांड में मारे गए लोगों के स्वजन को एक-एक लाख की आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा झुलसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए भी श्रम कल्याण परिषद चिकित्सकों से संवाद जारी रखेगा।

95 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे तीन मरीज

मेरठ के मेडिकल कालेज की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हापुड़ के मरीजों के लिए अगला एक दिन बेहद अहम होगा। तीन मरीज 95 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं, जिनमें 48 घंटे बाद खतरनाक संक्रमण का खतरा है। मेडिकल कालेज की बर्न एक्सपर्ट डा. कनिका सिंगला ने बताया कि नौ मरीज भर्ती हैं, जिसमें तीन को हाई एंटीबायोटिक देने के साथ ही उन्हें संक्रमणमुक्त रखने के लिए साफ कमरों में रखा गया है। एक अन्य मरीज 50 से 60 प्रतिशत झुलसा हुआ है। इसमें भी संक्रमण का खतरा है। इन मरीजों के पास किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।

वहीं, एक दूसरा मरीज 10 से 15 प्रतिशत जला पाया गया। अन्य पांच प्रतिशत से कम जले हैं, जो खतरे से पूरी तरह बाहर हैं। इलाज कर रहे डा. हरेंद्र संधू ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम लगातार मरीजों का इलाज कर रही है। कमरे में लगी एसी बिगड़ी थी, जिसे ठीक कर लिया गया है। प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने बताया कि बर्न के मरीजों के इलाज के लिए मेडिसिन, सर्जरी के साथ ही एक प्लास्टिक सर्जन के भी लगाया गया है। भर्ती मरीजों के तीमारदार वार्ड के बाहर बने हुए हैं। उनकी शिकायत है कि डाक्टर कुछ साफ नहीं बता रहे हैं।