हैदराबाद. आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार ने किसानों के लिए बड़ी योजना की शुरुआत की है। इसके तहत किसानों को कम दरों में ट्रैक्टर और कंबाइन हार्वेस्टर मिलेंगे। इसके अलावा पूरे राज्य में कस्टम हायरिंग सेंटर बनाए जाएँगे। इस योजना का नाम वाईएसआर यंत्र सेवा रखा गया है। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने चुत्तुगुंता गांव से इस योजना की शुरुआत की। इस मौके पर 3800 ट्रैक्टर और 320 कंबाइन मशीन शामिल हुईं।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों के खाते में 175 करोड़ रुपये भेजे। रितु भरोसा स्कीम के तहत ये मदद राशि 5260 किसानों को भेजी गई। रेड्डी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 हजार से ज्यादा रितु भरोसा केंद्र बनाए जाएंगे जो कि बीज से लेकर ट्रैक्टर और हारवेस्टर जैसे कृषि उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी रितु भरोसा केंद्रो पर वाईएसआर यंत्र सेवा केंद्र भी होगा जो कि यंत्रों को उपलब्ध करवाएगा। इस योजना की कुल लागत 2016 करोड़ रुपये हैं। सरकार सभी मशीनरी पर 40 फीसदी की सब्सिडी देगी और किसानों के लिए कर्ज का भी बंदोबस्त करेगी। 50 फीसदी तक लोन हो जाएगा और किसानों को तत्काल केवल 10 फीसदी का भुगतान करना होगा।

किसान संगठन 175 मॉडल में से कोई भी ट्रैक्टर खरीद सकते हैं और सरकार पूरी सब्सिडी देगी। एक अकेला किसान भी वाईएसआर सेवा यंत्र से ट्रैक्टर और हार्वेस्टर ले सकता है। इससे किसानों की फसल की लागत कम हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिंदल वेस्ट टु एनर्जी प्लांट का भी रालनाडु जिले के कोंदावीदु में उद्घाटन किया।