नई दिल्ली। चार राज्यों में राज्यसभा की 16 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने शानदार सफलता हासिल की है। महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और कर्नाटक में भाजपा को आठ सीटों पर कामयाबी मिली है। कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं। शिवसेना और राकांपा के हिस्से एक-एक सीट आई। एक सीट पर भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार जीत गया।
चुनाव को लेकर हाई वोल्टेज घमासान शुक्रवार देर रात तक चलता रहा। मतदान के बाद भाजपा ने चुनाव आयोग से महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव नियमों के उल्लंघन की शिकायत की। इसके बाद आयोग ने इन दोनों राज्यों में वोटों की गिनती रोक दी। आयोग ने भाजपा और कांग्रेस से उनका पक्ष जाना। चुनाव प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिग मंगाई गई। मतदान अधिकारियों से भी रिपोर्ट मांगी गई। आखिरकार आधी रात के बाद जाकर वोटों की गिनती का काम शुरू हुआ। शुक्रवार को हुए राज्यसभा चुनाव के प्रमुख विजेताओं में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कांग्रेस के जयराम रमेश तथा रणदीप सुरजेवाला और शिवसेना के संजय राउत शामिल हैं।
महाराष्ट्र और कर्नाटक में कांटे की लड़ाई वाली सीटों पर भाजपा ने विरोधी दलों को परास्त कर दिया। महाराष्ट्र में दो सीटों पर भाजपा की जीत तय थी। लेकिन, पार्टी तीन सीटें जीतने में कामयाब रही। यहां पर शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के खाते में एक-एक सीट आई। दरअसल, छठी सीट के लिए भाजपा ने अतिरिक्त उम्मीदवार मैदान में उतार दिया था। इसके चलते भाजपा के धनंजय महादिक और शिवसेना के संजय पवार के बीच चुनाव की नौबत आ गई। इसमें महादिक विजेता बनकर उभरे।
कर्नाटक में भाजपा तीन सीटें जीतने में कामयाब रही। कांग्रेस को एक सीट मिली। यहां पर भाजपा उम्मीदवारों- केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और जग्गेश की जीत निश्चित थी। भाजपा ने लहर सिंह सिरोया के रूप में एक अतिरिक्त प्रत्याशी उतार दिया। इसके चलते चौथी सीट पर भाजपा, कांग्रेस और जदएस के बीच त्रिकोणीय लड़ाई हो गई। इस लड़ाई में सिरोया विजेता बने। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीसरी सीट के लिए सफल रणनीति बनाने पर मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई की सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को फोन कर कहा कि इससे आगे भी अच्छा काम करने की प्रेरणा मिलेगी।
हरियाणा में भाजपा को एक सीट मिली। इसके अलावा भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा ने कांग्रेस के अजय माकन को उच्च सदन में जाने से रोक दिया। यहां कांग्रेस खाली हाथ रही।
राजस्थान में जरूर कांग्रेस अपनी जमीन बचाने में कामयाब रही। यहां पार्टी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा के हिस्से एक सीट आई। कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में रणदीप सुरजेवाला और मुकुल वासनिक चुनाव जीतने में कामयाब रहे।
ऐसी रही चुनावी तस्वीर
महाराष्ट्र
सीटें -6
उम्मीदवार-7 (भाजपा-3, शिवसेना-2, कांग्रेस-1 और एनसीपी-1)
परिणाम
भाजपा-3
शिवसेना-1
कांग्रेस-1
राकांपा-1
विजेता-
पीयूष गोयल (भाजपा)
अनिल बोंडे (भाजपा)
धनंजय महादिक (भाजपा)
संजय राउत (शिवसेना)
इमरान प्रतापगढ़ी (कांग्रेस)
प्रफुल पटेल (एनसीपी)
हारे-
संजय पवार (शिवसेना)
हरियाणा
सीटें-2
उम्मीदवार-3 (भाजपा-1, कांग्रेस-1 और निर्दलीय-1)
परिणाम
भाजपा-1
निर्दलीय-1
विजेता-
कृष्ण लाल पंवार (भाजपा)
कार्तिकेय शर्मा (भाजपा-जजपा द्वारा समर्थित निर्दलीय)
हारे-
अजय माकन (कांग्रेस)
राजस्थान
सीटें-4
उम्मीदवार-5 (कांग्रेस-3, भाजपा-1 और निर्दलीय-1)
परिणाम
कांग्रेस-3
भाजपा-1
विजेता-
रणदीप सुरजेवाला (कांग्रेस)
मुकुल वासनिक (कांग्रेस)
प्रमोद तिवारी (कांग्रेस)
घनश्याम तिवाड़ी (भाजपा)
हारे-
सुभाष चंद्रा (भाजपा और आरएलपी द्वारा समर्थित निर्दलीय)
कर्नाटक
सीटें-4
उम्मीदवार-6 (भाजपा-3, कांग्रेस-2 और जदएस-1)
परिणाम
भाजपा-3
कांग्रेस-1
विजेता-
निर्मला सीतारमण (भाजपा)
जग्गेश (भाजपा)
लहर सिंह सिरोया (भाजपा)
जयराम रमेश (कांग्रेस)
हारे
डी कुपेंद्र रेड्डी (जदएस)
मंसूर अली खान (कांग्रेस)