मुंबई. मुंबई पुलिस ने दिंडोशी इलाके में कचरे के ढेर से 10 तोला गोल्ड बरामद किया। गहनों की थैली को सुखा पाव समझकर भिखारी ने फेंक दिया था। सोने की इस थैली को लेकर एक चूहा घूम रहा था, जो सीसीटीवी में कैप्चर हो गया। पुलिस ने कचरे के ढेर से सोने से भरे जेवरात वाली थैली को चूहे के पास से बरामद किया। इसके बाद थैली को महिला को सौंप दिया। सोने की कीमत 5 लाख रुपए बताई जा रही है। दरअसल मामला जब सामने आया जब आरे कॉलोनी में रहने वाली महिला, बेटी की शादी के कर्ज को चुकाने के लिए घर में रखे सोने के गहने को बैंक में गिरवी रखने जा रही थी।

रास्ते में महिला को एक भिखारी महिला और उसका बच्चा दिखाई दिया। औरत ने अपने पास रखा वडापाव उस बच्चे को दिया और चली गई। जब वह बैंक पहुंची तब पता चला कि जिस वडापाव की थैली बच्चे को दी थी, उसी में गहने रखे थे। महिला तुरंत उस स्थान पर गई, लेकिन भिखारी महिला नहीं मिली। इसके बाद उसने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के डिटेक्शन टीम के प्रमुख सूरज राउत मामले की छानबीन में जुट गए। उन्होंने स्पॉट पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो भिखारी महिला जाती हुए नजर आई।

पुलिस ने भिखारी से संपर्क किया। उसने बताया कि वडापाव सूखा होने के कारण कचरे के ढेर में थैली के साथ फेंक दिया। पुलिस ने कचरे के ढेर में थैली की तलाश शुरू की, लेकिन वहां नहीं मिली। सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला थैली एक चूहे के पास है। चूहा उस थैली में घुसकर उसमें रखे वडापाव को खा रहा था। पुलिस ने उसका पीछा किया। तब चूहा उस थैली को लेकर पास की नाले में घुस गया। पुलिस ने नाले के अंदर घुसकर थैली को बाहर निकाला। जिसमें गहने थे। वह महिला को सुरक्षित सौंप दी।