मेरठ. मेरठ में घर में सो रही तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह भाई जब घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के वक्त महिला की बेटी भी पास में ही सो रही थी। पुलिस हत्याकांड की जांच कर रही है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी असलम ने बेटी सायमा की शादी आठ साल पहले की थी। पति से विवाद के चलते तीन साल बाद ही तलाक हो गया था। सायमा श्याम नगर में ही पार्षद के मकान में किराए पर रहती थी। कुछ दिनों से उनकी मां सायरा भी रह रही थी। सोमवार रात सायरा के बेटे जाहिद की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते वह उसे देखने रशीद नगर चली गई।
मंगलवार सुबह छह बजे सायमा का भाई फरमान पहुंचा, तो बहन को खून से लथपथ देख शोर मचा दिया। आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। सायमा की कनपटी पर गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि गोली मारकर महिला की हत्या की गई है। उसके पास में ही बेटी भी सो रही थी। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही मामले का राजफाश कर दिया जाएगा।