चम्पावत. थाने में विशेष श्रेणी दरोगा पद पर तैनात एक महिला को बुधवार दोपहर एक कैंटर ने गेट के सामने रौंद दिया। गंभीर हालत में साथी कर्मचारी उसे टनकपुर अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने महिला दरोगा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से कैंटर समेत चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना से पुलिस परिवार में मातम का माहौल है। महिला दरोगा आने वाले दिसंबर में रिटायर होने वाली थी।

बनबसा थाने में तैनात विशेष श्रेणी दरोगा विजयलक्ष्मी (59) पत्नी श्याम राम बुधवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे ड्यूटी कर थाने से अपने घर फागपुर बनबसा को जाने को निकली ही थी कि खटीमा की ओर से आ रहे कैंटर संख्या यूके 05 सीए 1535 ने थाना गेट के सामने ही बुरी तरह से रौंद दिया।

कुछ साथी पुलिस कर्मी महिला दरोगा को लेकर टनकपुर उप जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दरोगा को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुछ साथी पुलिस कर्मियों ने मौके पर ही कैंटर चालक पप्पू राम पुत्र जयराम निवासी गुमदेश लोहाघाट को गिरफ्तार कर लिया।

कैंटर में अनाज की बोरियां लदी हुई है। घटना से पुलिस परिवार में मातम का माहौल है। कैंटर ने इससे पूर्व यूके 06 एजेड 2703 डिजायर कार, यूके 03 बी 7192 अर्टिगा कार, यूके 03बी 0428 स्कूटी, यूके 06आर 0297 बाइक, यूके 03 5410 चीता बाइक, टीएन65 एवी 5691 में भी टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त किया था।

महिला दरोगा विजय लक्ष्मी 1983 में कांस्टेबल पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुई थी। वह विभिन्न जनपदों में सेवाएं देने के बाद 2019 में बनबसा थाने में विशेष श्रेणी महिला दरोगा के पद पर तैनात हुई। पति श्याम राम बनबसा आर्मी कैंट में डूयूटी करते हैं। उनका एक बेटा व दो बेटी है। बेटा विकास डेंटिस्ट है। बड़ी बेटी पिंकी की शादी हो गई है। जबकि छोटी बेटी नैना अभी पढ़ाई कर रही है।