जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक महिला को प्यार का झांसा देकर मेरठ के युवक ने दुष्कर्म किया। वसीम नामक युवक ने महिला को धोखा देने के लिए खुद का नाम राहुल जैन बताया। दो साल पहले दोनों के बीच इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती हुई। दोस्ती लिव-इन रिलेशनशिप में बदल गई। महिला कपड़ों का व्यापार करती है। दो साल तक दोनों साथ रहे। दो दिन पहले महिला को युवक की हकीकत पता चली तो उसने बुधवार रात वैशाली नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। आरोपित कुछ दिन से मेरठ में रह रहा था।
पुलिस थाना अधिकारी हीरालाल सैनी ने बताया कि आरोपित वसीम अहमद (28) पुत्र अब्दुल हमीद निवासी किथोर मेरठ उत्तर प्रदेश को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया है। उसका पुराना रिकार्ड देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जयपुर के खातीपुरा निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि साल, 2020 के प्रारम्भ में उसकी दोस्ती राहुल जैन से इंटरनेट मीडिया पर हुई थी। बातचीत में दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिए। मई, 2020 में राहुल उससे मिलने जयपुर आया। शादी का वादा कर के उसने दुष्कर्म किया। बाद में दोनों मिलकर व्यापार करने के साथ ही लिव-इन में रहने लगे।
सैनी ने बताया कि आरोपित ने इस दौरान अपना धर्म छिपाया। पिछले सप्ताह आरोपित पीड़िता को अपने साथ मेरठ ले गया। वहां आरोपित के छोटे भाई ने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता को मेरठ में रहने के दौरान ही पता चला कि राहुल जैन का असली नाम वसीम अहमद है। उसके छोटे भाई का नाम नसीम खान है। उनके बारे में पूरी जानकारी मिलने पर पीड़िता जयपुर आ गई। जयपुर पहुंचने के बाद पीड़िता को आरोपित ने फोन किया, लेकिन उसने बात नहीं की। पीड़िता ने बुधवार देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साथ राहुल बनकर आरोपित वसीम अहमद ने दुष्कर्म किया।