मेरठ। त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने वाले भाजपा के बागी कार्यकर्ताओं पर पार्टी आलाकमान ने बड़ी कार्यवाही की है। भाजपा ने ऐसे 10 कार्यकर्ताओं को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है, जो भाजपा से बगावत पर उतारू थे। खास बात यह है कि इनमें से चार प्रत्याशी भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सोम के बेहद करीबी माने जाते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनुज राठी ने त्रिस्तरीय जिला पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ खड़े हुए पार्टी के 10 कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किए जाने का पत्र जारी किया है। जिनमें वार्ड नौ से दादरी निवासी अंकित मोतला और सलावा निवासी अमित सोम, वार्ड 11 से नवादा निवासी लाखन सिंह और खेड़ा निवासी राजेश सोम, वार्ड 12 से गोटका निवासी संजीव पंवार, वार्ड 13 से एडवोकेट मोहित शर्मा, वार्ड 15 से रोहटा निवासी हरि शर्मा, वार्ड 18 से सिवाल निवासी नरेंद्र गुर्जर, वार्ड 22 से नालपुर निवासी घनश्याम दास और वार्ड 23 से भगवानपुर निवासी भूपेंद्र तोमर शामिल हैं।

बताते चलें कि यह सभी भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के खिलाफ जाकर अपनी ही पार्टियों के प्रत्याशियों के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे थे। इनमें से चार प्रत्याशियों को सरधना विधायक संगीत सोम का बेहद करीबी भी माना जाता है। उधर एकाएक 10 बागी कार्यकर्ताओं के निष्कासन के बाद भाजपा के अन्य बागी प्रत्याशियों में हड़कंप मचा हुआ है।