मेरठ। मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलीपुर के जंगल में मक्का के खेत में एक युवक का शव मिला है। शव का आधा हिस्सा बुरी तरह जला हुआ है। फोरेंसिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि शव को हीटर से जलाया गया है। प्रथमदृष्टया प्रतीत हो रहा है कि घर के अंदर युवक की हत्या कर शव जलाकर हाईवे किनारे फेंका गया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

गुरुवार को फफूंडा निवासी किसान विक्रम सिंह ने मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर नौगजा पीर के पास अल्लीपुर के जंगल में अपने मक्का के खेत में एक शव देखा। विक्रम का कहना है कि बुधवार को वह वहां गुजरे थे तो शव नहीं था। शव गुरुवार को ही डाला गया है। पुलिस मौके पर पहुंची। सिर की तरफ से शव का आधा हिस्सा बुरी जला हुआ था। एसपी देहात केशव कुमार और सीओ अमित राय भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट में पता चला कि शव को हीटर से जलाया गया है। पुलिस मान रही है कि युवक की हत्या के बाद घर के अंदर हीटर से शव जलाया गया है। मृतक की पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया है।

पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। सीओ अमित राय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कई तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे। उस मार्ग पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। दो दिन पूर्व भी मिला था शव दो दिन पूर्व बिजली बंबा क्षेत्र में जुबैदा मस्जिद के पीछे खाली प्लाट में एक शव मिला था। लोगों ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस यह भी जांच रही है कि इस शव का संबंध खाली प्लाट में मिले से शव से तो नहीं है।