मेरठ. फलावदा के गांव मंदवाड़ी में दो पुत्रियों की डोली उठने से एक दिन पहले श्रमिक पिता की हार्टअटैक होने से मृत्यु हो गई। ऐसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गई, लेकिन शादी की तारीख तय होने के कारण शादी नहीं रोकी गई और अगले दिन दोनों पुत्रियों की शादी की रस्म पूरी कर दोनों की डोली को विदा कर दिया गया। मंदवाड़ी निवासी श्रमिक मंगल सिंह पुत्र तिलकराम गरीब व्यक्ति था। उसकी पुत्री रजनी और अंजलि की शादी खतौली के गांव ताजपुर में तय की गई थी। घर पर हलवाई लगा था और शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।

उधर, शादी से एक दिन पहले गुरुवार को 46 वर्षीय मंगलसिंह को हार्ट अटैक हो गया। स्वजन उसे फलावदा में एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसका शव घर पहुंचते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों पुत्रियों की शादी का कार्यक्रम पहले से ही तय था, इसलिए गमगीन माहौल में दोनों पुत्रियों की शादी अगले दिन शुक्रवार को खतौली के ताजपुर गांव से बिनबरात आए दूल्हे कुलदीप व अनुज पुत्रगण स्व. महकार सिंह कर दी गई। शादी की रस्म पूरी कर गांव के गणमान्य लोगों द्वारा डोली विदा की गई। ग्राम प्रधानपति फतेह शर्मा ने बताया कि मंगल सिंह बहुत गरीब और मजदूरी कर पालन पोषण कर रहा था। उसकी दोनों पुत्रियों की शादी के लिए गांव के सभी लोगों ने सहयोग किया था।