मेरठ। पांच दिन पहले पूरे परिवार को बेहोश कर जेवर और नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन चार बच्चों की मां निकली। उसका बड़ा बेटा ही 22 साल का है। लुटेरी दुल्हन भाई के साथ मिलकर लोगों को फंसाती है। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन भाई हत्थे नही चढ़ा। परीक्षितगढ़ के गांव नारंगपुर निवासी सुबोध का विवाह चार जुलाई को कविता पुत्री खजान सिंह निवासी नंगला कोठी माजरा जरगांव बुलंदशहर से हुआ था।
सोमवार रात कविता पति, जेठ मनोज, सास कृष्णा, जेठ विनोद, जेठानी गायत्री, मनोज की पत्नी रूचि, बेटी अंशु को बेहोश कर 90 हजार रुपये और लगभग चार लाख के जेवर लेकर फरार हो गई थी। पति ने ही पत्नी व उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि कविता की उम्र लगभग 42 वर्ष है। नारंगपुर में उसकी तीसरी शादी थी, जबकि पहली शादी एटा के जलेसर थाना क्षेत्र के जैनपुरा निवासी सुरेश चंद से हुई थी।
इस दौरान चार बच्चे हुए। बड़े बेटे की उम्र 22 साल है। दूसरी शादी बुलंदशहर के भूदेव से की थी। एसओ राजीव ने बताया कि कविता को आसिफाबाद तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल बरामद हुए हैं। उसके भाई की तलाश की जारी है।