बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस ने मंगलवार को राष्ट्रपति पद के लिए राजग की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और अन्य के खिलाफ 18 जुलाई के चुनाव में कानून के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा ने 17 और 18 जुलाई को अपने विधायकों को रिश्वत दी और उन पर अनुचित प्रभाव डाला।
कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्दरमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विधायकों को एक पांच सितारा होटल में ठहराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजग प्रत्याशी (मुर्मू) की सहमति से मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील, वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने एकसाथ मिलकर भाजपा के सभी विधायकों को एक होटल में बुलाया। राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए विधायकों को प्रशिक्षण सत्र की आड़ में उन्हें भोजन, शराब, पेय पदार्थ पेश किया गया।
मतदाता सूची में शामिल 4,796 सांसदों एवं विधायकों में से 98.9 प्रतिशत ने वोट डाले।
डा. राजेंद्र प्रसाद दो बार पद पर रहे थे, इसलिए जीत के बाद व्यक्ति के तौर पर द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति बनेंगी।
21 जुलाई को मतगणना होगी और देश को अगला राष्ट्रपति मिल जाएगा।
असम से आइयूडीएफ विधायक करीमुद्दीन ने दावा किया कि राज्य के करीब 20 कांग्रेस विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में मतदान किया।
ओडिशा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम ने कहा कि उन्होंने मुर्मू के पक्ष में मतदान किया।
छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पुडुचेरी, सिक्किम और तमिलनाडु में 100 प्रतिशत मतदान हुआ।
विपक्षी खेमे की शिवसेना और झामुमो ने पहले ही भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने का एलान कर दिया था।
2017 में राजग प्रत्याशी राम नाथ कोविन्द को 7.02 लाख और विपक्ष की प्रत्याशी मीरा कुमार को 3.67 लाख वोट मिले थे।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मतदान खत्म होने से कुछ मिनट पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राष्ट्रपति चुनाव के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए, विशेष प्रावधान किए गए थे। तमिलनाडु में दो कोविड संक्रमित विधायकों ने विधानसभा में वोटिंग के आखिरी समय में अपना मत डाला। केरल के एक कोविड संक्रमित सांसद ने तिरुअनंतपुरम में अपने मताधिकार का उपयोग किया।