मेरठ। नौचंदी क्षेत्र में पति-पत्नी और वो को लेकर दंपती में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि युवक पत्नी को लेकर मायके पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। थाने में भी काफी देर तक दोनों पक्ष भिड़ते रहे। पुलिस ने फटकार के बाद शांत हुए। पुलिस ने दो लोेगों का चालान कर दिया। गंगानगर निवासी युवक की शादी कुछ समय पहले नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी युवती से हुई थी।
युवक ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पत्नी किसी से बात कर रही थी, तभी उसने पकड़ लिया। विरोध किया तो पत्नी से विवाद हो गया। वह पत्नी को लेकर अपनी ससुराल पहुंचा। वहां युवक की ससुरालियों से कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो आसपास के लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक और एक अन्य को पकड़कर थाने ले गए। दोनों पक्षों में वहां भी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति का चालान कर दिया। इंस्पेक्टर नौचंदी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दंपती में विवाद के चलते दो लोगों को पकड़कर उनका चालान किया गया है।