मेरठ। आइएससी-12वीं का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा। काउंसिल से मान्यता प्राप्त जिले के चार स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बोर्ड परीक्षा दी थी। सेंट मेरीज एकेडमी, सोफिया गर्ल्स स्कूल, सेंट थामस इंग्लिश मीडियम स्कूल और आल सेंट्स स्कूल के सभी विद्यार्थी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। जिले में पहले स्थान पर सेंट मेरीज एकेडमी के छात्र लक्ष्य जैन रहे। लक्ष्य को 98.5 प्रतिशत अंक मिले हैं। वह कामर्स वर्ग के छात्र हैं।
जिले के टाप-थ्री स्थान पर नौ मेधावी
आइएससी के परिणाम में जिले के टाप-थ्री स्थान पर सेंट मेरीज एकेडमी और सोफिया गर्ल्स स्कूल के नौ मेधावी छात्र-छात्राएं हैं। पहले स्थान पर अकेले लक्ष्य हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर पांच मेधावी हैं। इनमें से सोफिया गर्ल्स स्कूल से कामर्स और ह्यूमैनिटीज के दो-दो और विज्ञान वर्ग में सेंट मेरीज एकेडमी के एक छात्र को 97.75 प्रतिशत अंक मिले हैं। दूसरा स्थान पाने वालों में शौर्य जैन, हर्षिता तोमर, स्नेहा जैन, अपूर्वा पंवार और नियति तोमर हैं। तीसरे स्थान पर तीन मेधावी हैं। इनमें सेंट मेरीज की नव्या जैन व कमन जैन और सोफिया स्कूल की इशिका ग्रोवर को 97.5 प्रतिशत अंक मिले हैं।
सीयूईटी की रैंक से निर्धारित करेंगे अपना लक्ष्य
नाम : लक्ष्य जैन
स्कूल : सेंट मेरीज एकेडमी
कक्षा : 12वीं, कामर्स में भी प्रथम
जिले में स्थान : प्रथम
प्राप्तांक : 487/500, 98.5 प्रतिशत
मार्कशीट : अंग्रेजी-97, गणित-100, एकाउंटेंसी-93, कामर्स-100, इकोनोमिक्स-97
गणित और एकाउंटेंसी में कोचिंग ली
लक्ष्य जैन बीबीए या इकोनोमिक्स आनर्स करना चाहते हैं। सीयूईटी की मेरिट आने के बाद सटीक लक्ष्य निर्धारित करेंगे। उन्होंने बोर्ड परीक्षा के लिए स्कूल की पढ़ाई के अलावा गणित और एकाउंटेंसी की कोचिंग की थी।
घर पर तीन से चार घंटे नियमित पढ़ाई की
लक्ष्य ने घर पर तीन से चार घंटे नियमित पढ़ाई की। पढ़ाई के अलावा उन्हें रैप पसंद है। फ्रंट रो म्यूजिक एप पर रैप की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और राष्ट्रीय स्थान पर द्वितीय रहे। उनके पिता हर्ष जैन एडवोकेट और माता राखी जैन गृहणी हैं। पढ़ाई के अलावा फिटनेस और मनोरंजन के लिए क्रिकेट खेलना पसंद है। उनका कहना है कि रिजल्ट अपेक्षा से अच्छा रहा है।