नई दिल्ली. भारत की सावित्री जिंदल अब एशिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार सावित्री के पास 89.49 हजार करोड़ रुपए (11.3 अरब डॉलर) की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर चीन की फैन होंगवी हैं। इनके पास भी 11.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। 2021 में एशिया की सबसे अमीर महिला चीन की यांग हुइयान थीं, जो अब तीसरे नंबर पर आ गई हैं। इनकी संपत्ति 87.11 हजार करोड़ (11 अरब डॉलर) है।
ब्लूमबर्ग की दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में सावित्री 164 वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बता दें कि गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर आदमी हैं। उनके पास 9.35 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। सावित्री जिंदल, जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन हैं। कंपनी भारत में स्टील की तीसरी सबसे बड़ी उत्पादक है और सीमेंट, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काम करती है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, सावित्री जिंदल कभी कॉलेज नहीं गईं। इसके बावजूद पति की अचानक मौत के बाद उन्होंने ही पूरा कारोबार संभाला। वे कहती हैं कि जिंदल परिवार में अधिकतर महिलाएं घर की जिम्मेदारी संभालती हैं। जबकि पुरुष बाहर के काम देखते हैं। इसके चलते सावित्री को अपने पति का कारोबार संभालने में काफी मेहनत करनी पड़ी।