जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। भीषण हादसे में अब तक 38 यात्रियों की जान चली गई। हादसे में 17 यात्री घायल हैं। इनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। चार घायलों को जीएमसी जम्मू के लिए एयरलिफ्ट किया गया। घटनास्थल पर कोहराम मच गया। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, डोडा जिले के बग्गर इलाके के त्रांगल में बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब यह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक बस अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे का शिकार हुई बस किश्तवाड़ से जम्मू की तरफ जा रही थी।

दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी डोडा ले जाया गया है। इनमें से भी कुछ की हालत गंभीर है। ऐसे में मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पंजीकरण संख्या JK-02 CN-6555 बस में 55 लोग सवार थे। बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी। बटोत-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रुंगल-अस्सार के पास बस अनियंत्रित होकर 300 फीट खाई में गिर गई।