मुरादाबाद।  मझोला के एकता कॉलोनी में युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उसकी पहचान मिटाने के लिए शव को जलाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने बताया कि कौशल शादी-विवाह और जन्मदिन कार्यक्रम में खाना बनाने का काम करता था। बुधवार रात वह एक कार्यक्रम से घर लौट रहा था। इस बीच घर से कुछ दूरी पर सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात से पहले कौशल से परिजनों से बात हुई थी।

उसने कार्यक्रम से लौटने की बात बताई थी। इसके बाद यह घटना हो गई। सुबह जब कुछ लोगों ने लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर फोरेंसिक टीम और अन्य कर्मी पहुंचे। परिजनों ने लाश देखी तो उनकी चीख निकल गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी देखी जा रही है।