नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ जारी टीकाकरण कार्यक्रम में शुक्रवार को भारत में पहली बार एक दिन में 1.03 करोड़ डोज का रिकार्ड कायम हुआ। 27 अगस्त की इस बड़ी जीत में उत्तर प्रदेश और हरियाणा ने अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, 1.03 करोड़ के आंकड़े में 70 फीसदी का योगदान देकर ग्रामीण भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके अलावा मुंबई, बेंगलुरु और गुणगांव में टीकों की संख्या रिकॉर्ड पार कर गई।
27 अगस्त को उत्तर प्रदेश में पहली बार 30 लाख डोज का आंकड़ा पार हुआ। कर्नाटक में भी कोविड-19 के खिलाफ सबसे ज्यादा 11 लाख डोज दिए गए। महाराष्ट्र में यह आंकड़ा 10 लाख रहा। इन तीन राज्यों ने शुक्रवार को हुए टीकाकरण में 50 फीसदी का योगदान दिया। पश्चिम बंगाल और हरियाणा ने भी टीकाकरण का अपना रिकॉर्ड आंकड़ा छुआ। बंगाल में जहां 5.53 लाख टीकाकरण हुए, तो वहीं हरियाणा में 6.12 लाख खुराकें दी गईं।
बड़े शहरी इलाकों में भी टीकाकरण के आंकड़ों में तेजी दर्ज की गई। उदाहरण के लिए मुंबई में सबसे ज्यादा 1.77 लाख टीके लगाए गए। आंकड़े बताते हैं कि यूपी के लखनऊ में भी सबसे ज्यादा 91 हजार 437 डोज दिए गए। जबकि, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सबसे अधिक 56 हजार खुराक दी गईं। हालांकि, आंकड़ों में आगे चल रहे मध्य प्रदेश में शुक्रवार को टीकाकरण नहीं हुआ।
अब सरकार कुल टीकाकरण में दूसरे डोज के अनुपात को सुधारना चाहेगी। उदाहरण के लिए 27 अगस्त को कुल खुराकों में 75 फीसदी पहला डोज थे। केंद्र सरकार राज्यों पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को दूसरा डोज देने और पूर्ण सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाने के लिए कह रही है।