दुमका : झारखंड के दुमका में एक लड़की को चाकू की नोंक पर अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने और फिर उसे बेचने के लिए दिल्ली ले जाने का मामला सामने आया है। हंसडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की ने घटना को लेकर हंसडीहा थाने में मामला दर्ज कराया है।
लड़की के मुताबिक, 7 दिसंबर की शाम वह गांव के किराना दुकान से घर लौट रही थी। इसी दौरान बनियारा गांव के दूसरे समुदाय के महावीर मरीक एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा और चाकू की नोंक पर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर हंसडीहा स्टेशन ले गया। लेकिन ट्रेन नहीं मिलने के कारण वह उसे वहां से किसी अज्ञात स्थान पर ले गया और पूरी रात दुष्कर्म किया।
अगले दिन आरोपी उसे भागलपुर ले गया और वहां से दिल्ली ले गया। दिल्ली पहुंचने के बाद वहां भी दो दिनों तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के मुताबिक इसी बीच 11 दिसंबर को आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर उसे 5 लाख रुपए में बेचने जा रहा था। आरोपी ने दिल्ली में किसी से सौदा भी कर लिया था। आरोपी उसे बेचने के लिए तय जगह पर ले जा रहा था, तभी उसका पिता उसे खोजते हुए दिल्ली पहुंच गया और उसे बिकने से बचा लिया गया। जिसके बाद उसके पिता उसे वापस घर ले आए।