बरौनी। बेगूसराय पूर्व उप मुखिया की बेटी की शादी के तुरंत बाद भारी बवाल हो गया। जैसे ही दुल्हन की विदाई हुई, एक युवक पूर्व उप मुखिया के घर पहुंचा और जमकर बवाल कर दिया। हंगामे के बीच गोली भी चल गई। इसमें दुल्हन की मां और रिश्तेदारी का एक लड़का घायल हो गया। इतना करने के बाद हंगामा करने वाला युवक फरार हो गया।
यह मामला शुक्रवार की अल सुबह का है। बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाला युवक पूर्व उप मुखिया की बेटी को खुद चाहता था। उसे जब पता चला कि उस लड़की का निकाह किसी और से हो रहा है, तो वह भागा-भागा उसके घर पहुंचा। हालांकि, जब तक वह पहुंचा, दुल्हन अपनी ससुराल के लिए रवाना हो चुकी थी।
इधर, शादी से नाराज मनचले ने दुल्हन के स्वजनों से नोकझोंक की। नोकझोंक के क्रम में अचानक उसने गोली चलानी शुरू कर दी और मौके से फरार हो गया। वहीं स्वजनों ने दोनों को लहूलुहान हालत में शहर के कल्पना नर्सिंग होम में भर्ती कराया है, जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों का फर्द बयान नहीं होने से घटना के कारणों का पर्दाफाश नहीं हुआ है, लेकिन स्थानीय लोग आपसी रंजिश व प्रेम प्रसंग की चर्चा जोर-शोर से कर रहे हैं।
शादी समारोह में गोलीबारी की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची फुलवडिय़ा पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की है। घटना के संबंध में लोग-बाग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। फुलवडिय़ा थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी की जाएगी। स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर गोलीबारी करने वाले मनचले की पहचान कर ली गई है। मनचला प्राइवेट चालक है, इसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।