सहारनपुर। गठबंधन प्रत्याशी डा. धर्म सिंह सैनी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने नकुड़ पहुंचे रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा किसान हितैषी होने का ढोंग किया है। प्रदेश में अबकी बार परिवर्तन की लहर है। गठबंधन की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है।

शुक्रवार को गांव बाधी में आयोजित चुनावी सभा में जयंत ने कहा कि किसानों के लिए उनके दरवाजे चौधरी चरण सिंह के समय से खुले हुए हैं। भाजपा किसान हितैषी होने का केवल नाटक करती है। किसान अबकी बार उनके बहकावे में आने वाले नहीं है। वह धर्म की बात करते है, हम विकास और भाईचारे में यकीन रखते हैं। कहा कि बाबा उनकी गर्मी उतारने की बात करते है, लेकिन चुनाव के बाद उनकी खुद गर्मी खत्म हो जाएगी और वह कंबल खरीदकर बाबा के पास भिजवाएंगे।


जयंत चौधरी ने कहा कि पहले चरण के लिए हुए मतदान में रुझान साफ है। उन्होने कहा कि पहले चरण में लोगां ने सीधा-सीधा कर दिया काम। देहाती भाषा में कहते हैं काट दिया रोग। नीचे क्लिक कर देखें वीडियो

उन्होने कहा कि नकुड़ विधानसभा की अधिकतर सीमा हरियाणा से जुड़ी है। जहां किसानों को लंबे समय से यूपी हरियाणा सीमा विवाद का सामना करना पड़ रहा है। अगर उनकी सरकार बनी तो इस विवाद को प्राथमिकता के साथ सुलझाया जाएगा। गठबंधन प्रत्याशी डा. धर्मसिंह सैनी के प्रचार में कहा कि भाजपा धर्म की बात करती है, परंतु धर्म तो गठबंधन के पास है। उन्होंने जनता से गठबंधन को जिताने की अपील की। सपा प्रत्याशी डा. धर्मसिंह सैनी, रालोद के प्रदेश महासचिव चौधरी धीरसिंह, रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, सतीश चौधरी मौजूद रहे।