नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों में हुई बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। गलन की वजह से लोग ठिठुरने पर मजबूर हैं। दिल्ली में आज सीजन की सर्वाधिक ठंड रही। मंगलवार को ढाई बजे तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को भी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग का कहना है कि 26 जनवरी को दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। बुधवार सुबह के समय हल्का कोहरा रहने की भी संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर रहेगी। तापमान गिरने से ठंड और बढ़ेगी। यानी जनवरी तक ठंड से निजात मिलने वाली नहीं है।

मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 25 और 26 जनवरी को कोल्ड डे रहेगा। 27 से 29 जनवरी तक घना पड़ने की उम्मीद है। 30 जनवरी को हल्का कोहरा रहने की संभावना है। 31 जनवरी को दिन में तेज हवाएं चलेंगी। इसकी वजह से सर्दी बढ़ेगी। हालांकि कोहरे से राहत मिलेगी। 26 जनवरी से 31 जनवरी तक न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।बता दें कि शनिवार को दिल्ली में बारिश ने 122 साल का रिकार्ड तोड़ दिया था। बारिश के बाद अब शीतलहर लोगों को परेशान कर रही है। वहीं, दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार को भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। यहां पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 249 दर्ज किया गया। सुबह कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।