नई दिल्ली. लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय से बड़ी खबर आ रही है। यहां टिकट न मिलने से नाराज अलीगढ़ के समाजवादी नेता ठाकुर आदित्य ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। समय रहते आस-पास खड़े पुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया। कानपुर के पुलिस कमिश्नर रहे असीम अरुण ने भाजपा की सदस्यता ले ली। असीम दलित समाज से आते हैं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग दंगा करवाते हैं, वहीं समाजवादी पार्टी में जाते हैं। जो भाजपा में आते हैं, वो दंगा करने वालों को पकड़ते हैं।
प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को आगरा में अपने निवास पर भाजपा की सदस्यता ले ली है। विधानसभा चुनाव के मौके पर रामवीर को पार्टी में शामिल कर भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। पार्टी के रणनीतिकार मान रहे हैं कि इससे सादाबाद सीट पर पार्टी की जीत की राह आसान हो जाएगी।