मेरठ। भूमाफिया यशपाल तोमर की आज एक और संपत्ति पुलिस कुर्क करेगी। 14 (1) के तहत वेदव्यासपुरी स्थित उसके मकान पर सील लगाने की कार्रवाई की जानी है। इसको लेकर पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। यशपाल तोमर की गिरफ्तारी के बाद से पुलिस का शिकंजा उस पर लगातार कसता जा रहा है।

गैंगस्टर यशपाल तोमर को एसटीएफ ने जनवरी में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ दर्ज मामलों को पुलिस ने खंगालना शुरु किया तो फेहरिस्त बड़ी होती चली गई। अलग अलग राज्यों में उसकी काफी संपत्ति सामने आ गई, जिन्हें उसने अनैतिक काम से कमाए रुपयों से जुटाया था। हरिद्वार प्रशासन ने उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई की और 153 करोड़ व 53 करोड़ की दो संपत्तियों को कुर्क किया।

उत्तर प्रदेश में भी चलाए जा रहे अभियान में यशपाल तोमर को शामिल किया गया। मेरठ में भी उसकी कई संपत्तियां निकलकर सामने आ गई, जिनको लेकर पुलिस लगातार काम कर रही थी। हाल ही में वेदव्यासपुरी में यशपाल तोमर की एक संपत्ति होना सामने आया। पुलिस ने तलाश शुरु की और जल्द साक्ष्य भी जुटा लिये। इसी संपत्ति पर गुरुवार को पुलिस कार्रवाई करेगी। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि वेदव्यासपुरी में एक मकान यशपाल तोमर का चिह्नित किया गया है। कार्रवाई से जुड़ी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। गुरुवार को पुलिस 14 (1) के तहत कार्रवाई करेगी।