लखनऊ. यूपी विधान परिषद चुनाव 2022 के लिए आज वोटिंग हो रही है। 27 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान चल रहा है। ज्यादातर सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। फर्रुखाबाद में सबसे ज्यादा 34 फीसदी मतदान हुआ। बरेली में 10:00 बजे तक 19 और गोरखपुर में 21 प्रतिशत वोटिंग हुई।

अमरोहा ब्लॉक में बूथ पर भाजपा-सपा एजेंटों में कहासुनी
अमरोहा में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान के चलते अमरोहा ब्लॉक मुख्यालय पर बने बूथ पर सपा और भाजपा एजेंटों के बीच कहासुनी हो गई। सपा एजेंट ने भाजपा पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया। जमकर हंगामा हुआ। मौके पर तैनात पुलिस ने हालात संभाले। बूथ पर भूपसिंह नाम चर्चित बना हुआ है। जिसे लेकर सपा एजेंट नाराज हैं। अन्य बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। सुबह दस बजे तक कुल 23.21 फीसदी मतदान हुआ है।

पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री अनूपमा जयसवाल ने किया मतदान
एमएलसी चुनाव को लेकर आज हो रहे मतदान के दौरान जनपद बहराइच सदर विधायक पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री अनूपमा जयसवाल ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने किया मतदान
मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। नगर निगम मेरठ में बने बूथ पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य विजय पाल सिंह तोमर, कांता कर्दम सहित पार्षदों ने वोट डाला। सुबह दस बजे तक मतदान प्रतिशत 17.5 फीसदी रहा।

कुशीनगर में 13 फीसदी मतदान
कुशीनगर में 10:00 बजे तक 13.09 फीसदी मतदान हुआ है। कुल 2,727 के सापेक्ष 357 मत पड़े हैं। कुशीनगर में 15 मतदान केंद्र पर मतदान हो रहा है।

आगरा में 28.68 और फिरोजाबाद में 29.08 प्रतिशत मतदान
आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद सदस्य एक पद के लिए शनिवार को सुबह 8 बजे से दोनों जिलों के 25 बूथों पर मतदान जारी है। 10 बजे तक आगरा में 16 बूथों पर 28.68 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यहां 16 बूथों पर 2323 मतदाताओं में से 660 में मताधिकार का प्रयोग किया है। वहीं फिरोजाबाद में 9 बूथों पर 29.8 फीसदी मतदान हो चुका है। यहां 1599 मतदाताओं में से 465 वोट डाल चुके हैं।

कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने किया मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन 2022 के अंतर्गत चमरौआ ब्लॉक के बूथ पर कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं, मिलक में रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद चुनाव में मतदान के लिए कतार लग गई।

बरेली में 10:00 बजे तक 19 फीसदी मतदान
विधान परिषद रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी चुनाव के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। सुबह 10:00 बजे तक 19 फीसदी मतदान हुआ है। स्टैटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभाल रहे शेरगढ़ बीडीओ के अनुपस्थित होने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

अब तक पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार, शायर वसीम बरेलवी, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक श्याम बिहारी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने अपने मत का प्रयोग किया।

सिंभावली ब्लॉक में मतदान: डीएम और एसपी ने किया दौरा
हापुड़ जिले के सिंभावली ब्लॉक में मतदान के दौरान डीएम अनुज सिंह और एसपी दीपक भूकर ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चेयरमैन गीता गोयल ने मतदान किया। इसके अलावा सभासदों ने भी मतदान किया।

मुरादनगर ब्लॉक में एमएलसी चुनाव को लेकर वोटिंग
गाजियाबाद के मुरादनगर ब्लॉक में एमएलसी चुनाव को लेकर वोटिंग हो रही है। मुरादनगर ब्लॉक में एमएलसी चुनाव को लेकर 10 बजे तक 25 मत पड़े हैं। वहीं, लोनी ब्लॉक में एमएलसी चुनाव को लेकर वोटिंग हो रही है।

गोरखपुर में दो घंटे में 21 फीसदी मतदान
गोरखपुर में एमएलसी चुनाव को लेकर दो घंटे में 21 फीसदी मतदान हुआ है। यहां 697 वोट सुबह 10 बजे तक डाले गए। वहीं, फिरोजाबाद में एमएलसी के लिए ब्लॉक प्रमुख संध्या लोधी ने मतदान किया।

मेयर संयुक्ता भाटिया और विधायक राजेश्वर सिंह ने किया मतदान
राजधानी लखनऊ में मेयर संयुक्ता भाटिया, विधायक सरोजनीनगर राजेश्वर सिंह और अन्य मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं, उत्तर से भाजपा विधायक नीरज बोरा ने भी मतदान किया।

सीतापुर में भारी पुलिस बल तैनात
सीतापुर में एमएलसी चुनाव को लेकर जिला पंचायत गेट पर भारी पुलिस बल तैनात है। अयोध्या के विकासखंड पूरा बाजार के ब्लॉक परिसर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सुबह 9:30 बजे तक 20 मत डाले जा चुके हैं। कुल मतों की संख्या 128 है।

सभासद गुरुदत्त अरोरा ने डाला वोट
मेरठ की खतौली नगर पालिका परिषद में एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए फोर्स लगाई गई है। एसपी क्राइम ने भी जायजा लिया है। एसडीएम जीत सिंह राय, सीओ राकेश सिंह, बीडीओ रत्नाकर, इंस्पेक्टर संजीव कुमार मतदान केंद्र पर मौजूद हैं। खतौली में नगर पालिका में बनाए गए बूथ पर एमएलसी के लिए सभासद गुरुदत्त अरोरा ने वोट डाला।

सांसद लल्लू सिंह ने डाला वोट
अयोध्या जिला पंचायत कार्यालय में सांसद लल्लू सिंह ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं, अमेठी में विधान परिषद निर्वाचन के लिए विकास खंड कार्यलय जगदीशपुर में कुल 193 में से सुबह 9.43 बजे तक 17 वोट डाले गए। यहां पर 97 पुरुष और 96 महिला मतदाता है।

भगवान सिंह कुशवाहा ने किया मतदान
आगरा में खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने नगर निगम में मतदान किया। वहीं, फतेहपुर में इटावा सदर तहसील में विधायक सरिता भदौरिया मतदान के लिए पहुंची। भाजपा एमएलसी प्रत्याशी विजय शिवहरे आगरा नगर निगम पहुंचे हैं।