नई दिल्ली: बिहार के समस्तीपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी ने रेलवे में नौकरी लगते ही अपनी प्रेमिका से रिश्ता तोड़ दिया और दहेज की मांग करने लगा। प्रेमिका ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन वो नहीं माना। आखिरकार, प्रेमिका ने उसे विद्यापतिधाम मंदिर में बात करने के बहाने बुलाया और वहां लोगों ने पकड़कर उसकी शादी करवा दी।
दरअसल, पूरा मामला समस्तीपुर के विद्यापतिधाम मंदिर का है, जहां एक रेलवे कर्मचारी की जबरन शादी करा दी गई। लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि लड़का-लड़की दो साल से प्रेम संबंध में थे। लेकिन लड़के को रेलवे में नौकरी लगते ही उसके तेवर बदल गए।
लड़की पक्ष के एक रिश्तेदार ने बताया कि लड़की और लड़का पिछले दो साल से प्रेम संबंध में थे। दोनों वर्षों से एक दूसरे से मिल रहे थे। इसी बीच लड़के की रेलवे में सरकारी नौकरी लग गई। आरोप है कि नौकरी लगते ही लड़के ने दहेज में 10 लाख रुपये और एक बुलेट की मांग कर दी। लड़की ने उसे बहुत समझाया लेकिन वो नहीं माना।
लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि लड़की के बार-बार मनाने और समझाने पर भी जब प्रेमी बिना दहेज शादी के लिए नहीं मान रहा था, तो लड़की ने उसे मिलने के बहाने विद्यापति धाम मंदिर बुलाया और उस पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया। मंदिर में दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी होने लगी। हंगामा सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लड़की पक्ष के लोगों ने मौके का फायदा उठाकर लड़के की जबरन शादी करा दी।