मेरठ. मेरठ में मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो के गुर्गों की शहर में आहट है। इससे कई लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। इन लोगों ने खतरा बताते हुए पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा मांगी है। बद्दो की गिरफ्तारी न होने पर मेरठ प्रभारी मंत्री गोपाल नंदी ने भी पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से जवाब मांगा है। पुलिस का कहना कि बद्दो की तलाश में मेरठ पुलिस के साथ एसटीएफ समेत कई एजेंसियां लगी हैं।

बद्दो लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता है। बद्दो से कई लोगों को खतरा है, यह बात पुलिस भी जानती है। इस वजह से मेरठ में पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई हुई है। बद्दो का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई, इसको लेकर लोगों में आक्रोश है।

एक महीने से उसके गुर्गों की शहर में आहट है। इसकी जानकारी पुलिस को भी मिल रही है। रविवार को मंत्री गोपाल नंदी ने भी पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बद्दो को गिरफ्तार करें।

बदन सिंह बद्दो से जिन-जिन लोगों को खतरा है, वह पुलिस अफसरों को इनपुट देने के साथ-साथ सुरक्षा भी मांग रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर पीड़ितों ने बताया है कि बद्दो के कई गुर्गे शहर में घूम रहे हैं। वह फिर से वारदात कर सकते हैं।

28 मार्च 2019 को भागा था बद्दो
अधिवक्ता रविंद्र गुर्जर की हत्या में बद्दो को आजीवन कारावास की सजा हो गई थी। 28 मार्च 2019 को बद्दो फर्रूखाबाद पुलिस को दिल्ली रोड स्थित मुकुट महल में शराब पिलाई और फिर कस्टडी से फरार हो गया। उसकी फरारी में मेरठ के करीब 15 लोगों के नाम सामने आए। इन्हें पुलिस ने बाद में जेल भेजा। बद्दो पर 2.50 लाख का इनाम है।