लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रहने वाले लोगों को 25 अप्रैल से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इसके एक दिन बाद यानी 26 अप्रैल को तो प्रदेश का आधा हिस्सा गर्म हवाओं की चपेट में आ जाएगा। आईएमडी ने उत्तर प्रदेश में लू प्रभावित संभावित जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस है, जहां 27 अप्रैल तक पारा भी बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच जाएगा। ऐसे में लोगों को बेहद सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक ईरान के पास बने पश्चिम विक्षोभ की वजह से पश्चिम उत्तर प्रदेश के मौसम में भी बदलाव आया था, जिससे अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी।
अब मौसम विभाग का कहना है कि 25 अप्रैल से दोबारा प्रदेश दोबारा से हीट वेव की चपेट में आने वाला है। यहां मुरादाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और सौनभद्र के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार 26 अप्रैल को इन जिलों के साथ ही कानपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, बांदा, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, चित्रकूट, संतरविदास नगर, चंदौली, वाराणसी के आसपास कुल 28 जिलों के लिए भी अलर्ट जारी हुआ है।
इसके बाद भी इन जिलों में लोगों को आसमान से बरसती आग का सामना करना होगा। फतेहगढ़ रहा सबसे गर्म जिला उत्तर प्रदेश का फतेहगढ़ जिला बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्म जिला रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। इसके अलावा 17.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला मेरठ रहा है।
राजधानी लखनऊ की बात करें तो अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। लखनऊ में कल से यानी 24 अप्रैल से अधिकतम पारा 42 डिग्री और 25 से 26 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इसके बाद 27 अप्रैल से भी राजधानी का अधिकतम पारा 44 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री तक की बढ़ोतरी रहेगी।