चंडीगढ़. अपनी कॉमेडी से लोगों के दिलों पर राज करने वाले भगवंत मान आज दोपहर में पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में आयोजित समारोह में पूरे पंजाब से लाखों लोग पहुंचेंगे। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। जानें पल-पल के अपडेट्स…

कई विपक्षी नेताओं को दिया गया है न्योता
आम आदमी पार्टी की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को भी निमंत्रण भेजा गया है। समारोह में हास्य अभिनेता कपिल शर्मा और राजू श्रीवास्तव के भी पहुंचने की उम्मीद है।

केजरीवाल का ट्वीट-खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ
आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं।

शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए पहुंच रहे लोगों की सुविधा के लिए खटकड़ कलां जाने वाले रास्तों पर लंगर लगाए गए हैं।

भगवंत मान के बच्चे भी समारोह में लेंगे हिस्सा
भगवंत मान के बेटा और बेटी भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। मान के दोनों बच्चे अमेरिका से देर रात चंडीगढ़ पहुंचे।

समारोह के लिए पहुंचने लगे लोग

खटकड़ कलां में भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर लोगों का आना शुरू हो गया है। मान ने राज्य के लोगों को समारोह के लिए आमंत्रित किया था, जिसमें पुरुषों से ‘बसंती (पीली)’ पगड़ी और महिलाओं को पीला ‘दुपट्टा’ पहनने का आग्रह किया गया था।

राघव चड्ढा ने दी बधाई
आप पंजाब के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले कहा कि आज पंजाब के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि 3 करोड़ पंजाबियों को एक साथ भगवंत मान के साथ सीएम के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने और शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबा साहेब अम्बेडकर के सपनों को पूरा करने की शपथ।

आम आदमी पार्टी के भगवंत मान बुधवार दोपहर पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। नवांशहर के गांव खटकड़कलां में शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 11.30 बजे शुरू होगा। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाएंगे। समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहेंगी। समारोह को खास बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे पंजाब से दो लाख से अधिक लोगों के आने का दावा किया गया है। शहीद स्मारक के पीछे एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है, जबकि स्मारक की भूमि पर साढ़े छह एकड़ क्षेत्र में पंडाल लगाया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह से पहले भगवंत मान ने एक वीडियो जारी कर लोगों को आमंत्रित किया है।