शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार सुबह सड़क हादसा हो गया। रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 15 से अधिक कार्यकर्ता घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के मुताबिक बदायूं के दातागंज से भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह आठ बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। बस में 30 से अधिक लोग सवार थे। शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर के गांव मानपुर नगरीय-नवादा मोड़ के बीच अचानक बस अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।