बलिया।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में रविवार को पुलिस ने भारतीय संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित 12 नामजद व 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।

नेतृत्व करने वाले मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष फतेह बहादुर यादव को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। थाने में उपनिरीक्षक वरुण कुमार राकेश ने तहरीर में आरोप लगाया कि 20 दिसंबर को आरोपियों ने सिकरिया नहर पुलिया के पास पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाया। उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। सरकारी काम में भी बाधा डाली और सड़क जाम कर दिया। आपत्तिजनक बातें कही थीं।

इसमें भारतीय संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित महिला कार्यकर्ता शामिल थी। पुतला फूंकने व बयानवाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने सख्ती की। पुलिस ने शनिवार को मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष फतेह वहादुर यादव, प्रदेश अध्यक्ष सीमा भारती सहित 12 लोगों पर नामजद व 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन पटेल ने कहा कि पुतला फूंकने की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुई। उसके बाद मामला दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।