मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में हस्तिनापुर पुलिस ने गुरुवार को अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पंचायत चुनाव के लिए अवैध रूप से शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब पांच हजार लीटर लहन और दस भट्ठियों को ध्वस्त किया है।
ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को हस्तिनापुर थाना पुलिस और मवाना थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से दोनों थानों की सीमाओं पर वीर नगर और प्रताप नगर के खादर क्षेत्र में अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान लगभग पांच हजार लीटर लहन और दस भट्ठियों ध्वस्त कर दिया। हालांकि पुलिस के हाथ कोई भी शराब माफिया नहीं लग सका।
ग्राम पंचायत चुनाव से पहले ही पुलिस एक्शन मूड में आ गई है। पुलिस अवैध शराब माफियाओं पर कार्रवाई करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। गुरुवार को हस्तिनापुर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह और मवाना थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में दोनों थानों की पुलिस फोर्स ने हस्तिनापुर और मवाना सीमा पर बसें गांव वीर नगर और प्रताप नगर के जंगलों में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया।
पुलिस को बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग पांच लीटर लहन मिला, जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया। इसके अलावा पुलिस ने अवैध शराब बनाने वाली करीब 10 भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया।
बता दें कि मवाना, परीक्षितगढ़ सहित हस्तिनापुर के खादर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब का कारोबार किया जाता है। पुलिस की लगातार चल रही कार्रवाई के बावजूद भी देहात क्षेत्रों में ये कारोबार थम नहीं रहा है। पुलिस अधिकारियों के दावे भी फेल साबित हो रहे हैं।
वहीं इन शराब माफियाओं पर आबकारी विभाग भी अंकुश नहीं लगा पाया। कई बार थाना पुलिस स्वयं अभियान चलाकर इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है। काफी दिनों से बंद पड़ी अवैध शराब की भट्ठियां ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर अब फिर धधकनी शुरू हो गई हैं। इन पर अंकुश लगाना आबकारी विभाग और थाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है।