चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा और इनेलो को कांग्रेस ने बड़ा झटका दिया है। भाजपा के दो और इनेलो का एक नेता ने कांग्रेस का दाम थाम लिया है। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा की अगुवाई में ये नेता कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं में बीजेपी से टिकट के दावेदार रहे उद्यमी अशोक गोयल मंगालीवाला, ऐलनाबाद से बीजेपी के उम्मीदवार रहे पवन बेनीवाल, पूर्व सांसद तारा सिंह के बेटे इनेलो नेता कंवरजीत सिंह हैं। बता दें कि पवन बेनीवाल दो बार भाजपा की टिकट पर ऐलनाबाद से चुनाव लड़ चुके है।

कुछ माह पहले ही वो भाजपा से अलग हो गए थे। हालांकि दोनों बार पवन बैनीवाल इनेलो नेता अभय चौटाला के सामने चुनाव लड़कर हार चुके हैं। इनेलो नेता अभय चौटाला ने ऐलनाबाद सीट से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद अब हल्के में विधानसभा चुनाव होना है। ऐलनाबाद में कांग्रेस के प्रत्याशी भरत सिंह बैनीवाल चुनाव लड़ते रहे हैं। ऐसे में अब उपचुनाव में पार्टी किसको प्रत्याशी बनाएगी, यह फैसला अब पार्टी ही करेगी।