मेरठ। दीपावली के त्यौहार के साथ ही वेस्ट यूपी के जिलों के मौसम में बडा बदलाव देखने के लिए मिल रहा है। कईं जिलों में तो न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री तक पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में मौसम में लगातार तब्दीली देखने को मिल रही है। दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदेश के मेरठ और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। मंगलवार को मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि मेरठ में 11.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इसी तरह बरेली में 12.6, कानपुर में 12.8 और नजीबाबाद में 13.2 डिग्री सेल्सियस के करीब न्यूनतम तापमान रहा है।

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि जैसा मौसम चल रहा है, उसी तरह लगभग चलता रहेगा। अगले 2 दिन में एक-दो डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। दानिश के मुताबिक अभी न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के लगभग चल रहा है।

वहीं, मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट की माने तो 15 नवंबर से लेकर 20 नवंबर तक पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने वाला है। इस अवधि में पूर्वी क्षेत्र में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

इसके साथ ही 15 से 18 नवंबर तक प्रदेश के किसी भी हिस्से में किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी के जिलों में तापमान थोड़ा कम रहता है।

मो. दानिश ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र की तुलना में पश्चिमी यूपी के जिलों में थोड़ी ज्यादा ठंडक है, लेकिन इसके पीछे का मुख्य कारण यह भी है कि पश्चिमी क्षेत्र का सामान्य तापमान भी पूरब क्षेत्र की तुलना में कम रहता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मौसम में अभी ज्यादा कोई बदलाव नहीं है। कोहरा सुबह के समय थोड़ा बहुत पड़ सकता है।