मेरठ. मंगलवार को जलाभिषेक के बाद सभी मार्गों पर यातायात खोल दिया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था दोपहर के बाद संचालित हो सकेंगी, जबकि एक्सप्रेस-वे, हाईवे और हापुड़ रोड पर भी शाम के समय से यातायात संचालित कर दिया जाएगा। हल्के और भारी वाहन पहले की तरह से दिल्ली और देहरादून जा सकेंगे। यातायात अधिक होने की वजह से डयूटी बदस्तूर जारी रहेगी। डाक कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे भी बंद कर दिया था। उससे पहले दिल्ली-देहरादून हाईवे, हापुड़ और दिल्ली रोड भी आमजन के लिए बंद कर दिया गया था। मंगलवार को जलाभिषेक होने के बाद सभी यातायात खोल दिया जाएगा।

एसपी यातायात जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक शाम छह बजकर 45 मिनट तक होना है। ऐसे में शहर के अंदर के यातायात को दोपहर बाद संचालित कर दिया जाएगा। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस डयूटी मुस्तैद रहेगी। मंदिर में जलाभिषेक करने वाले लोगों को किसी भी मार्ग पर रोका नहीं जाएगा। इसी तरह से मंगलवार शाम को दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे खोल दिया जाएगा। इसी तरह से दिल्ली-देहरादून हाईवे और हापुड़ रोड पर भी यातायात संचालित हो सकेगा। पहले की तरह यातायात अपनी जगह आ जाएगा। सभी निजी बसों और रोडवेज की बसें बुधवार को शहर के अंदर प्रवेश कर सकेंगी। क्योंकि भैंसाली बस स्टैंड को बुधवार को ही दिल्ली रोड पर लाया जाएगा। इसी तरह से निजी बसें भी बुधवार को ही अपने स्थान पर यात्री बैठा सकेगी।

सभी मार्गों पर यातायात संचालन के बाद भी पुलिसकर्मियों की डयूटी जारी रहेगी। क्योंकि जलाभिषेक करने के बाद कांवड़ियों को सुरक्षित घर तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही मार्गों पर बनाए गए कटो को शाम के समय से नगर निगम की टीम खोलने का काम शुरू कर देगी। नगर निगम के अफसरों से कट खोलने के आदेश दिए गए है। ताकि शहर के लोगों को मंगलवार शाम को कोई परेशानी नहीं हो सकें। पुलिसकर्मियों को आदेश दिया गया कि आमजन के सड़कों पर निकलने में उनका सहयोग करेंगे।