मेरठ। अब शहरवासी हाई स्पीड ट्रेन से दिल्ली से मेरठ का सफर पूरा करेंगे। यह सपना भी साकार होने वाला है। शनिवार को गुजरात के सांवली में पहले रैपिड रेल कोच की चाबी एनसीआरटीसी को सौंप दी गई। इस मौके पर शहरी और आवास मंत्रालय सचिव मनोज जोशी, एनसीआरटीसी एमडी विनय कुमार सहित एल्सटॉम कंपनी के एमडी मौजूद रहे। मेरठ में रैपिड रेल का कार्य तेज गति से जारी है। दिल्ली से मेरठ तक रैपिड रेल साल-2023 के अंत तक दौड़ने लगेगी। वहीं, साहिबाबाद से दुहाई तक मार्च-2023 में संचालन शुरू हो जाएगा।

अब रैपिड रेल के छह कोच को दुहाई लाया जाएगा। एल्सटॉम कंपनी द्वारा निर्मित किये गए कोच की डिजाइन हैदराबाद में हुई। इसके बाद इन्हें सांवली प्लांट में निर्मित किया गया। दुहाई लाने के बाद कोच का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा।

इसके बाद जुलाई-2022 से ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा। पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक 17 किलोमीटर में वायडक्ट तैयार है। इस पर पटरियों को बिछाने का कार्य जारी है।

वहीं, मेरठ में तीन स्टेशनों को भूमिगत बनाया जा रहा है। इसके लिए मशीन से भैंसाली स्टेशन से मेट्रो प्लाजा की ओर सुरंग बनाई जा रही है। मेरठ में 5.8 किलोमीटर में सुरंग बनाई जाएगी। इसमें मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल भूमिगत स्टेशन होंगे। मेरठ में रैपिड के ट्रैक पर मेट्रो भी चलेगी। इसमें तीन कोच होंगे।