मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में गुरुवार को एक बड़ी वारदात हो गई। कंकरखेड़ा के पावली खास रेलवे स्टेशन के पास आज सुबह वार्ड नंबर 40 से भाजपा पार्षद मनीष उर्फ मिंटू (38 वर्ष) का शव उसी की गाड़ी में मिला है। पुलिस ने बताया है कि बुधवार देर रात करीब 10: 00 बजे मिंटू ने अपनी पत्नी से फोन पर बात भी की थी। जिसमें उसने खुद को जिंदगी से हारने की बात भी कही थी।पुलिस आत्महत्या की तरफ इशारा करते हुए जांच कर रही है, जबकि पीड़ित परिवार इस मामले को हत्या होना बता रहे हैं। तीन साल पहले पार्षद मनीष उर्फ मिंटू के होटल में दरोगा के साथ एक युवती आई थी। इस दौरान दरोगा और पार्षद के बीच विवाद हो गया था। मनीष ने दरोगा को थप्पड़ मार दिया था। जिसके चलते मनीष को जेल में भी जाना पड़ा था।
बताया गया है कि मनीष कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल के करीबी थे। मनीष की हत्या की जानकारी लगते ही भाजपा विधायक सहित उनके कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर जाकर जांच की है।
उधर, एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि अभी सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।