नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की 10वीं लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में नौ प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। चंडीगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश की सात और पश्चिम बंगाल की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
यूपी की चर्चित सीटों में से एक मैनपुरी से भी भाजपा ने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। भाजपा ने इस सीट से योगी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उनका सीधा मुकाबला सपा सांसद और प्रत्याशी डिंपल यादव से होगा। 2022 के विधानसभा चुनाव में जयवीर ने मैनपुरी की सदर विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। वर्तमान में वह योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हैं।
प्रयागराज जिले की दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए गए हैं। मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और केसरी देवी पटेल को टिकट नहीं दिया गया है। इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को मौका दिया गया है। नीरज भाजपा के दिग्गज नेता रहे केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे हैं। केशरी नाथ पूर्व राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। जिले की फूलपुर लोकसभा सीट से प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रवीण अभी फूलपुर से विधायक हैं।
कौशांबी लोकसभा सीट से पार्टी ने एक बार फिर विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। सोनकर यहां से मौजूदा सांसद हैं। इसके अलावा मछलीशहर से बीडी सोनकर और गाजीपुर सीट से पारस नाथ राय को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। पारस का मुकाबला 2019 में बसपा के टिकट से जीते अफजाल अंसारी से होगा, अफजाल इस बार सपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं।