हरदोई। भाजपा के नगर महामंत्री पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता एफआइआर दर्ज कर ली है। पुलिस सर्विलांस की मदद से भाजपा नेता को खोजने में लग गई है।
पीड़ित पिता ने तहरीर में बताया कि शहर के मुहल्ला सुभाषनगर के भाजपा के नगर महामंत्री आशीष शुक्ला उसकी 25 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। युवती की शादी तय हो चुकी है। इसी के चलते दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। घटना एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। भाजपा नेता की कई साल पहले शादी हो चुकी है और दो बच्चे भी हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष अजीत उपाध्याय ने बताया कि आशीष शुक्ला को पार्टी से निकाल दिया गया है और पार्टी की सदस्यता भी रद्द कर दी गई है। अब उनका पार्टी से कोई सरोकार नहीं है। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है। आरोपित के परिवारवालों से पूछताछ की जाएगी। आरोपित और युवती के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर डालकर ट्रेस किया जा रहा है, जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
सपा पदाधिकारियों ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करना शुरू कर दिया है, उसमें लिखा है कि भाजपा सरकार में बेटियां तक सुरक्षित नहीं हैं। पोस्ट पर काफी लोगों ने कमेंट भी किया है। सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू ने बयान जारी कर भाजपा नेता के कृत्य की निंदा की है। युवती सपा नेता की बेटी है और कार्यकर्ता न्याय के लिए सड़क पर उतरेंगे।